Latest Announcement
आज दिनांक 27.05.2026 को वाराणसी विकास प्राधिकरण द्वारा “ग्रीन मोबिलिटी अभियान” की शुरुआत, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को वितरित किए गए 100 ई-वाहन

वाराणसी विकास प्राधिकरण द्वारा “ग्रीन मोबिलिटी अभियान” की शुरुआत, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को वितरित किए गए 100 ई-वाहन

 

आज दिनांक 27.05.2026 को वाराणसी विकास प्राधिकरण द्वारा हरित एवं सतत भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए “ग्रीन मोबिलिटी अभियान” का शुभारम्भ किया गया। इस अभियान के अंतर्गत माननीय आयुक्त श्री एस. राजलिंगम द्वारा अधिकारियों एवं कर्मचारियों को इलेक्ट्रिक (ई-) दुपहिया वाहनों का वितरण किया गया।

 

कार्यक्रम में पेट्रोल एवं डीजल की बढ़ती मांग को कम करने तथा पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने हेतु ई-वाहनों के उपयोग के लिए कर्मचारियों को प्रोत्साहित किया गया। इस अवसर पर आयुक्त महोदय ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कराते हुए योजना से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों को 100 ई-वाहनों का वितरण किया।

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आयुक्त महोदय श्री एस. राजलिंगम ने वाराणसी विकास प्राधिकरण द्वारा संचालित “ग्रीन मोबिलिटी अभियान” की सराहना की तथा पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण के लिए ई-वाहनों के अधिकाधिक उपयोग पर बल दिया। उन्होंने कहा कि बढ़ती पेट्रोल एवं डीजल कीमतों के बीच ई-वाहन न केवल पर्यावरण के लिए लाभकारी हैं, बल्कि यह आमजन एवं कर्मचारियों के लिए आर्थिक रूप से भी अत्यंत उपयोगी सिद्ध होंगे।

 

उपाध्यक्ष श्री पुर्ण बोरा के नेतृत्व में प्रारम्भ की गई यह पहल पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ कर्मचारियों के लिए आर्थिक रूप से भी लाभकारी सिद्ध होगी। अनुमान है कि इस अभियान से प्रतिदिन लगभग 300 से 400 लीटर पेट्रोल एवं डीजल की बचत होगी, जिससे कार्बन उत्सर्जन एवं प्रदूषण में उल्लेखनीय कमी आएगी।

 

अभियान के प्रथम चरण की सफलता को देखते हुए अतिरिक्त ई-वाहनों का ऑर्डर भी दिया गया है। कर्मचारियों को ई-वाहन खरीदने हेतु प्रेरित करने के साथ-साथ विभिन्न ई-वाहन कंपनियों एवं डीलरों से संस्थागत छूट उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त बैंकों एवं वित्तीय संस्थाओं के सहयोग से आसान एवं कम ब्याज दर पर ऋण सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्यवाही की जा रही है।

 

राज्य एवं केंद्र सरकार द्वारा ई-वाहनों पर दी जा रही सब्सिडी, रोड टैक्स एवं पंजीकरण शुल्क में छूट जैसी योजनाओं का लाभ भी कर्मचारियों को उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही वाराणसी विकास प्राधिकरण के मुख्य एवं ज़ोनल कार्यालयों में ई-वाहन चार्जिंग स्टेशन विकसित किए जा रहे हैं, जिनका लाभ आमजन भी उठा सकेंगे।

 

वाराणसी विकास प्राधिकरण का उद्देश्य वाराणसी को स्वच्छ, आधुनिक एवं पर्यावरण अनुकूल शहर के रूप में विकसित करना है। प्राधिकरण भविष्य में भी सतत शहरी विकास एवं जनहित से जुड़ी नवाचारी पहलों को आगे बढ़ाता रहेगा।

 

कार्यक्रम के दौरान सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा, अपर सचिव डॉ. गुडाकेश शर्मा सहित प्राधिकरण के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

Gallery and Images