आज दिनांक 27.05.2026 को आनंद काशी योजना (कल्लीपुर) एवं रुद्र विहार योजना (मढ़नी) में लैंड पूलिंग से जुड़े काश्तकारों का सम्मान समारोह आयोजित
आनंद काशी योजना (कल्लीपुर) एवं रुद्र विहार योजना (मढ़नी) में लैंड पूलिंग से जुड़े काश्तकारों का सम्मान समारोह आयोजित
वाराणसी विकास प्राधिकरण द्वारा विकसित की जा रही आनंद काशी योजना, कल्लीपुर एवं रुद्र विहार योजना, मढ़नी के अंतर्गत लैंड पूलिंग के माध्यम से भूमि उपलब्ध कराने वाले काश्तकारों के सम्मान में आज एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में किसानों के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें प्रशस्ति-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
आज दिनांक 27.05.2026 को आयोजित इस सम्मान समारोह में आयुक्त श्री एस. राजलिंगम एवं उपाध्यक्ष श्री पुर्ण बोरा विशेष रूप से उपस्थित रहे। दोनों अधिकारियों ने लैंड पूलिंग से जुड़े काश्तकारों के योगदान की प्रशंसा करते हुए इसे विकास एवं जनसहभागिता का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आयुक्त श्री एस. राजलिंगम ने कहा कि लैंड पूलिंग के माध्यम से कल्लीपुर एवं मढ़नी में विकसित की जा रही टाउनशिप परियोजनाएं पूर्वांचल के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल हैं। उन्होंने कहा कि लंबे समय बाद ऐसा अवसर आया है जब किसानों ने विकास प्राधिकरण की योजनाओं पर विश्वास जताते हुए स्वेच्छा से सहभागिता की है। उन्होंने यह भी कहा कि पूर्वांचल के इतिहास में पिछले लगभग 30 वर्षों में पहली बार लैंड पूलिंग जैसी व्यवस्था को किसानों का इतना व्यापक समर्थन प्राप्त हुआ है।
आयुक्त महोदय ने उपाध्यक्ष श्री पुर्ण बोरा के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके निर्देशन में प्राधिकरण की टीम ने एक कठिन एवं चुनौतीपूर्ण लक्ष्य को वास्तविकता में बदलने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना केवल एक टाउनशिप नहीं, बल्कि विकास, विश्वास एवं सहभागिता का प्रतीक है। साथ ही उन्होंने उपस्थित किसानों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके सहयोग के बिना इस महत्वाकांक्षी योजना को गति देना संभव नहीं था।
सम्मान समारोह के दौरान रुद्र विहार योजना, मढ़नी से जुड़े 20 काश्तकारों तथा आनंद काशी योजना, कल्लीपुर से जुड़े 22 काश्तकारों को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सचिव डॉ. वेद प्रकाश मिश्रा, अपर सचिव डॉ. गुडाकेश शर्मा सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
