Latest Announcement
आज दिनांक 16/06/2026 को भूमाफियाओं एवं अवैध प्लाटिंग/निर्माण के विरुद्ध वाराणसी विकास प्राधिकरण सख्त

वाराणसी विकास प्राधिकरण, वाराणसी

 

प्रेस विज्ञप्ति

 

भूमाफियाओं एवं अवैध प्लाटिंग/निर्माण के विरुद्ध वाराणसी विकास प्राधिकरण सख्त

 

 

आज दिनांक 16/06/2026 को वाराणसी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री पुर्ण बोरा की अध्यक्षता में  उपाध्यक्ष कार्यालय में पांचों जोनों के जोनल अधिकारियों, अवर अभियंताओं एवं फील्ड स्टाफ के साथ अवैध प्लाटिंग एवं अवैध निर्माणों के विरुद्ध प्रभावी एवं कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने हेतु समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

 

बैठक के दौरान उपाध्यक्ष महोदय द्वारा प्रत्येक जोन से अवैध निर्माण एवं अवैध प्लाटिंग से संबंधित विस्तृत सूची प्राप्त कर उनकी वर्तमान स्थिति की समीक्षा की गई। उन्होंने सभी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि उनके क्षेत्राधिकार में किसी भी प्रकार की अवैध प्लाटिंग अथवा अवैध निर्माण पाए जाने पर संबंधित पर्यवेक्षक (सुपरवाइजर) के विरुद्ध तत्काल प्रभाव से कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही संबंधित अवर अभियंता एवं जोनल अधिकारी की जवाबदेही भी सुनिश्चित करते हुए उनके विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

उपाध्यक्ष महोदय ने सभी जोनों को निर्देशित किया कि अब तक की गई ध्वस्तीकरण (डिमोलिशन) एवं सीलिंग की कार्रवाई का अद्यतन विवरण तत्काल उपलब्ध कराया जाए। साथ ही प्रत्येक जोन में प्रति सप्ताह न्यूनतम तीन अवैध प्लाटिंग के मामलों में प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कराना अनिवार्य होगा, जिससे भूमाफियाओं एवं अवैध प्लाटिंग करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। उन्होंने निर्देशित किया कि अवैध प्लाटिंग एवं अवैध निर्माण के विरुद्ध नियमित प्रवर्तन अभियान संचालित किए जाएं तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

 

बैठक में विशेष रूप से हाई फ्लड लेवल (HFL) क्षेत्र एवं गंगा नदी के तटीय क्षेत्रों में हो रहे अवैध निर्माणों पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। उपाध्यक्ष महोदय ने स्पष्ट निर्देश दिए कि इन संवेदनशील क्षेत्रों में किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण अथवा अवैध गतिविधि किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं होगी तथा ऐसे मामलों में तत्काल ध्वस्तीकरण, विधिक कार्रवाई एवं एफआईआर की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

 

उपाध्यक्ष महोदय द्वारा बताया गया कि वाराणसी विकास प्राधिकरण द्वारा अवैध प्लाटिंग, अवैध निर्माण एवं भूमाफियाओं के विरुद्ध अभियान को और अधिक प्रभावी एवं सख्त बनाया जा रहा है। शहर के नियोजित, सुव्यवस्थित एवं सतत विकास के लिए किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

Gallery and Images