24.3.26 को उपाध्यक्ष महोदय श्री पुर्ण बोरा की अध्यक्षता में फिट इंडिया – स्वस्थ वाराणसी अभियान के अंतर्गत साप्ताहिक “हैप्पी संडे” कार्यक्रम के आयोजन
आज दिनांक 24.3.26 को वाराणसी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष महोदय श्री पुर्ण बोरा की अध्यक्षता में फिट इंडिया – स्वस्थ वाराणसी अभियान के अंतर्गत साप्ताहिक “हैप्पी संडे” कार्यक्रम के आयोजन के संबंध में एक महत्वपूर्ण बैठक आहूत की गई। बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि आम जनमानस को स्वस्थ जीवन शैली अपनाने के लिए प्रेरित करने हेतु इस कार्यक्रम को नियमित रूप से संचालित किया जाए।
उपाध्यक्ष महोदय ने बताया कि बदलती जीवनशैली और बढ़ती व्यस्तता के कारण लोगों में शारीरिक गतिविधियों की कमी देखी जा रही है, जिसके कारण विभिन्न स्वास्थ्य समस्याएँ उत्पन्न हो रही हैं। इन्हीं परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए वाराणसी विकास प्राधिकरण द्वारा फिट इंडिया – स्वस्थ वाराणसी के अंतर्गत “हैप्पी संडे” कार्यक्रम प्रारंभ किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य आमजन, बच्चों और युवाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा उन्हें नियमित व्यायाम व खेल गतिविधियों के लिए प्रोत्साहित करना है।
निर्णय लिया गया कि अप्रैल 2026 से प्रत्येक रविवार को राजकीय अलंकृत उद्यान, कंपनीबाग वाराणसी में प्रातः 6:30 बजे से 7:30 बजे तक इस कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में विशेष रूप से बच्चों और युवाओं के लिए योग, साइकिलिंग रनिंग, एरोबिक वार्मअप, विभिन्न मनोरंजक एवं स्वास्थ्यवर्धक गतिविधियाँ आयोजित की जाएंगी, जिनमें मिट्टी से खेलने, स्किपिंग (रस्सी कूद), खेल-कूद, फिटनेस एक्सरसाइज तथा अन्य शारीरिक गतिविधियाँ शामिल होंगी। पारंपरिक खेलों को भी बढ़ावा दिया जाएगा।
उपाध्यक्ष महोदय ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम को आकर्षक, सुरक्षित और जनभागीदारी आधारित बनाया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग इसमें भाग लेकर स्वस्थ जीवन की ओर अग्रसर हो सकें। उन्होंने कहा कि इस पहल से शहर में स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक वातावरण बनेगा और “फिट इंडिया – स्वस्थ वाराणसी” के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण योगदान मिलेगा।
बैठक के दौरान अध्यक्ष काशी योग एवं मूल शिक्षा संस्थान वाराणसी, अध्यक्ष हेल्दी इंडिया फाउंडेशन, जिला वन अधिकारी, अपर नगरआयुक्त, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, संबंधितअधिकारी व कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
