22 जून, 2026 को वाराणसी विकास प्राधिकरण एवं ओएनजीसी के मध्य निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) योजना के माध्यम से ₹260.61 करोड़ की वरुणा रिवरफ्रंट विकास परियोजना हेतु एमओयू हस्ताक्षरित
माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के विकसित भारत एवं काशी के समग्र पुनरोत्थान के संकल्प तथा माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में तीव्र गति से संचालित आधारभूत संरचना एवं नगरीय विकास कार्यों को एक नई दिशा देते हुए तथा आयुक्त, वाराणसी मंडल एवं अध्यक्ष, वाराणसी विकास प्राधिकरण श्री एस. राजलिंगम के मार्गदर्शन एवं विशेष प्रयासों से आज दिनांक 22 जून, 2026 को वाराणसी विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्री पुर्ण बोरा एवं ओएनजीसी (ONGC) के सीएसआर प्रमुख श्री नीरज कुमार बंसल के मध्य ₹260.61 करोड़ की वरुणा रिवरफ्रंट विकास परियोजना के लिए एक महत्वपूर्ण समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए l
यह परियोजना काशी के शहरी सौंदर्यीकरण, पर्यावरण संरक्षण, नदी तट विकास, पर्यटन संवर्धन एवं जनसुविधाओं के विस्तार की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इस समझौते के अंतर्गत ओएनजीसी द्वारा अपनी निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) योजना के माध्यम से परियोजना हेतु वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
वरुणा नदी, जो काशी की सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक पहचान का अभिन्न अंग है, उसके तटों का सुनियोजित विकास कर इसे आधुनिक नगरीय सुविधाओं, हरित क्षेत्र, सार्वजनिक उपयोग के खुले स्थलों, पैदल पथ, प्रकाश व्यवस्था तथा पर्यटन आकर्षणों से युक्त एक विश्वस्तरीय रिवरफ्रंट के रूप में विकसित किया जाएगा। यह परियोजना भारत सरकार द्वारा जल निकायों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन हेतु संचालित Water Body Rejuvenation Mission के उद्देश्यों के अनुरूप भी है, जिसके माध्यम से जल संसाधनों के संरक्षण, नदी पुनर्जीवन, पारिस्थितिकीय संतुलन एवं सतत शहरी विकास को बढ़ावा दिया जा रहा है।
यह परियोजना माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की उस परिकल्पना को साकार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिसके अंतर्गत काशी को अपनी सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित रखते हुए आधुनिक सुविधाओं से युक्त वैश्विक नगर के रूप में विकसित किया जा रहा है। साथ ही माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ जी के मार्गदर्शन में प्रदेश सरकार द्वारा शहरी विकास, नदी संरक्षण एवं पर्यटन अवसंरचना को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
परियोजना के अंतर्गत विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (DPR) तैयार करने से लेकर रिवरफ्रंट के निर्माण एवं विकास कार्यों तक की समस्त प्रक्रिया चरणबद्ध रूप से संपादित की जाएगी। परियोजना पूर्ण होने पर वरुणा नदी तट न केवल पर्यावरणीय दृष्टि से अधिक समृद्ध होगा, बल्कि स्थानीय नागरिकों, श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के लिए एक आकर्षक सार्वजनिक स्थल के रूप में भी विकसित होगा।
यह साझेदारी काशी के सतत विकास, नदी पुनर्जीवन एवं नागरिक सुविधाओं के विस्तार में महत्वपूर्ण योगदान देगी तथा वाराणसी को एक आधुनिक, स्वच्छ, हरित एवं विश्वस्तरीय नगर के रूप में स्थापित करने में सहायक सिद्ध होगी।
परियोजना के सफल क्रियान्वयन हेतु वाराणसी विकास प्राधिकरण एवं ओएनजीसी के मध्य समन्वय स्थापित करने तथा समझौता ज्ञापन को मूर्त रूप प्रदान करने में ओएनजीसी के महाप्रबंधक श्री अटल श्रीवास्तव का विशेष योगदान रहा। इस अवसर पर अधीक्षण अभियंता श्री अजय पंवार, अवर अभियंता श्री विजय सिंह, आईटी विशेषज्ञ श्री दिनेश सिंह सहित दोनों संस्थाओं के अन्य अधिकारी एवं प्रतिनिधिगण उपस्थित रहे।
